Monday, May 11, 2026

बेटी की शादी से पहले उठ गया पिता का साया: बिजली के खंभे पर बुझ गई महेंद्र उर्फ गुड्डू की जिंदगी

बालामऊ/हरदोई उ०प्र० का माहौल उस वक्त गमगीन हो गया, जब एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस आंगन में कुछ दिन पहले बेटी सान्वी के तिलक की रस्म पर ढोलक बजी थी, जहां रिश्तेदारों की हंसी गूंज रही थी, उसी घर में आज सिसकियां सुनाई दे रही हैं।

पश्चिमी बाजार निवासी संविदा बिजली कर्मी महेंद्र उर्फ गुड्डू सुबह रोज की तरह घर से निकले थे। जाते-जाते उन्होंने शायद बेटी की शादी की तैयारियों को देखकर मन ही मन कई सपने सजाए होंगे। किसे पता था कि यह घर से उनका आखिरी जाना होगा।

कछौना चौराहे पर बिजली फॉल्ट ठीक करते समय अचानक करंट ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते बेटी के अरमानों का सहारा, पत्नी की जिंदगी का साथी और बच्चों के सिर का साया हमेशा के लिए छिन गया।

घर में शादी के लिए रखे सामान अब परिवार की आंखों में आंसू बनकर चुभ रहे हैं। बेटी सान्वी बार-बार बस यही पूछ रही है — “पापा अब मेरी शादी में नहीं आएंगे क्या?”

इस सवाल ने हर सुनने वाले की आंखें नम कर दीं।।

पत्नी सोनी की हालत ऐसी है कि उनकी आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे। जिस पिता को बेटी की डोली विदा करनी थी, आज उसी पिता की अर्थी उठी। पूरा कस्बा इस दर्दनाक दृश्य को देखकर भावुक हो उठा।

घटना की खबर मिलते ही नगर पंचायत अध्यक्ष राधारमण शुक्ला पंकज और अधिशासी अधिकारी देवांशी दीक्षित अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

इसी बीच एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने हर किसी की आंखें नम कर दीं। नगर पंचायत अध्यक्ष पंकज शुक्ला ने सान्वी का हाथ थामते हुए कहा —

“महेंद्र भले आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनकी बेटी अब अकेली नहीं है। सान्वी की शादी उसी धूमधाम से होगी, जैसे एक पिता अपनी बेटी की करता है। कन्यादान भी मैं खुद करूंगा। बेटी की डोली अब रुकेगी नहीं।”

उनके इन शब्दों ने गम में डूबे परिवार को सहारा दिया। कस्बे के लोगों का कहना है कि दुख की इस घड़ी में पंकज शुक्ला ने सिर्फ मदद नहीं की, बल्कि एक पिता की कमी को भरने की कोशिश की है।

आज कछौना की गलियों में सिर्फ एक ही चर्चा है —

“एक पिता चला गया, लेकिन इंसानियत ने बेटी का हाथ थाम लिया…”

महेंद्र उर्फ गुड्डू की मौत ने जहां पूरे कस्बे को रुला दिया, वहीं समाज की संवेदनशीलता ने यह एहसास भी कराया कि दुख कितना भी बड़ा क्यों न हो, अपनों का साथ टूटे हुए दिलों को जीने की ताकत दे ही देता है!


ब्यूरो रिपोर्ट हरदोई नेक्स्ट मीडिया : सुहेल वारसी 

Visit us : nextmedia.co.in 

Saturday, May 9, 2026

जर्जर सड़क पर गिर कर चोटिल हो रहे लोग

गोण्डा : अयोध्या हाईवे कमल पेट्रोल पम्प के पीछे से सलारपुरवा शेखन गांव अकबरपुर, लाला हाता होते हुए पूरेतिवारी ग्राम पंचायत तक दर्जनों गांवों को जोड़ने  वाली सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। जगह जगह गड्ढे हैं। पूरी सड़क पथरीली हो चुकी है। क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोग गोण्डा मुख्यालय इसी सड़क से होकर जाते हैं। कचहरी, तहसील, अस्पताल, स्कूल कालेज जाने वाले सभी लोग इसी पथरीली सड़क पर चलने के लिए मजबूर है।कई लोग अपने वाहन से गिर कर चोटिल हो चुके हैं ।बाइक सवार जावेद ने बता कि वह अपने घर सहारपुरवा से कचहरी के लिए निकले थे रास्ते में इसी रोडे में बदल चुकी सड़क पर गिर कर चोटिल हो गये। गंगापुर के धनीराम अपनी माता को इलाज के लिए जिला अस्पताल बाइक से ले जारहे थे। टूटी सड़क पर बाइक अनियंत्रित होकर गिर गयी। दोनों मां बेटे को चोट लगी। इसी तरह पढ़ाई के लिए आरहे विद्यार्थी मोहन यादव, सरिता, पारुल, अजमल, पवन कुमार ने बताया कि वे लोग कई बार इस सड़क पर गिरकर घायल होचुके है ।सड़क को बने दशक बीत चुके हैं । जिम्मेदारों की उदासीनता और लापरवाही के चलते पूरी सड़क गड्ढे और रोडे में बदल चुकी है ।स्थानीय लोगों दयाराम, शिवकुमार, सलमान, रवि, राहुल, जगत पासवान ने बताया कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को सड़क मरम्मत के लिए मांग किया गया है पर अभी तक किसी के कानों तक आवाज नहीं पहुंची है। लोगों ने सड़क मरम्मत की मांग की है

Friday, May 8, 2026

गोंडा डॉक्टर्स एसोसिएशन( GDA ) द्वारा सतत् चिकित्सा शिक्षा कार्यक्रम का आयोजन

गोंडा डॉक्टर्स एसोसिएशन द्वारा 7 मई 2026 को होटल जेपी पैलेस में एक भव्य सतत चिकित्सा शिक्षा (CME) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के अनेक चिकित्सकों ने प्रतिभाग कर आधुनिक चिकित्सा विषयों पर जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. जियाउल इस्लाम खान MBBS MD गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट ने “एक्यूट पेनक्रिएटाइटिस” विषय पर विस्तृत व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि एक्यूट पेनक्रिएटाइटिस एक गंभीर चिकित्सीय स्थिति है, जिसमें अग्न्याशय में अचानक सूजन आ जाती है। समय पर पहचान और उचित उपचार से मरीज को गंभीर जटिलताओं से बचाया जा सकता है।

अपने व्याख्यान में डॉ. जियाउल इस्लाम ने रोग के कारण, लक्षण, जांच एवं आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने चिकित्सकों को नवीनतम चिकित्सा प्रोटोकॉल एवं आपातकालीन प्रबंधन के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम के अंत में गोंडा डॉक्टर्स एसोसिएशन के संरक्षक डॉ एजाज हुसैन खान ई एन टी सर्जन ने CME में उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक कार्यक्रम चिकित्सा क्षेत्र में ज्ञानवर्धन एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अत्यंत उपयोगी हैं।

इस अवसर पर जनपद के वरिष्ठ एवं युवा चिकित्सक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे जिन में मुख्य रूप से डॉ शादाब जमा खान डॉ अशोक सिंह डॉ डी एन सिंह डॉ सईद गनी डॉ सलमान डॉ रज़ीउल्ला खान डॉ नूर मोहम्मद खान डॉ मसूद सिद्दीकी डॉ मोहम्मद वसीम डॉ अहमर जावेद सिद्दीकी डॉ फारूख सगीर डॉ जफर अशफाक डॉ शाहिद खान डॉ नसीम खान डॉ मेराज डॉ एहतरामुल्ला हाशमी डॉ शाबान खान डॉ ए के जायसवाल डॉ डी एम खान डॉ रिजवान खान डॉ सत्यजीत मौर्या डॉ योगेश चंद्र श्रीवास्तव डॉ जवाहर लाल रस्तोगी डॉ अनवर खान डॉ रेहाना खान डॉ महेश श्रीवास्तव डॉ फहीम यावर आदि उपस्थित रहे

Wednesday, April 22, 2026

उर्दू मध्य विद्यालय नरकट घाट में मनाया गया विश्व यकृत दिवस यकृत की महत्ता पर हुई चित्रकला प्रतियोगिता में बालिकाओं ने मारी बाजी

पटना, राजकीयकृत उर्दू मध्य विद्यालय नरकट घाट, गुलजारबाग, पटना में विश्व यकृत दिवस के अवसर पर यकृत की महत्ता से छात्र-छात्राओं को अवगत कराने के उद्देश्य से विद्यालय के स्नातक विज्ञान शिक्षक सूर्य कान्त गुप्ता के द्वारा चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।    

कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री गुप्ता ने वर्ग -7 के विज्ञान की पुस्तक के अध्याय-2 के पाठ - प्राणियों में पोषण से विश्व यकृत दिवस को जोड़ते हुए बताया कि यकृत यानि लीवर के महत्व और स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने हेतु शिक्षित करने, फैटी लिवर, हेपेटाइटिस एवं सिरोसिस जैसी बीमारियों के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से विश्व यकृत दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि यकृत शरीर से विषाक्त पदार्थो का निष्कासन करता है। पित्त का उत्पादन करता है, जो वसा के पाचन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शिक्षिका प्रणया कुमारी ने बतायी कि स्वस्थ लीवर बेहतर जीवन की नींव है।

           चित्रकला प्रतियोगिता में अलीशा परवीन को प्रथम, शबनम परवीन एवं शाहिरा परवीन को द्वितीय, इशा परवीन एवं आयशा परवीन को तृतीय स्थान मिला। अलीना परवीन, आलिया परवीन, नगमा परवीन, अलीशा फातिमा, मंतशा परवीन के चित्र भी सराहे गए।  प्रतियोगिता को सफल बनाने में अमित कुमार, सुनीता कुमारी, रोकईया मोसर्रत, शरफुद्दीन नूरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

  प्रधानाध्यापक एस इब्तेशाम हुसैन काशिफ ने छात्र-छात्राओं की हौसला आफजाई करते हुए यकृत को स्वस्थ रखने के कई टिप्स दिए तथा लोगों को जागरूक करने का सुझाव दिए।


Next media

ब्यूरो रिपोर्ट बिहार 






Friday, April 3, 2026

देश भक्ति तरानों से महका विद्यालय परिसर

 गोंडा  : वार्षिकोत्सव के मौके पर देश भक्ति तरानों से विद्यालय परिसर महक उठा।बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रोग्राम प्रस्तुत कर सब का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद अधिकारी व अभिभावक बच्चों के प्रस्तुतिकरण को देख कर बेसिक शिक्षा के बच्चों में हो रहे सकारात्मक बदलाव को महसूस किये।झंझरी के कम्पोजिट विद्यालय जमदरा में हुए वार्षिकोत्सव के मुख्य अतिथि बीएसए अमित कुमार सिंह ने स्वरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। विशिष्ट अतिथि बीईओ उपेन्द्र कुमार त्रिपाठी रहे। बीएसए ने कहा कि हमारे बेसिक स्कूलों के बच्चे अब किसी भी प्रतिभा में किसी से पीछे नहीं है।गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, खेल स्पर्धा, प्रतियोगी परीक्षा, पर्यावरण संरक्षण, सभ्यता, संस्कृति व संस्कार में गैर बेसिक के बच्चों की अगुवाई करेंगे। बीईओ उपेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने विद्यालय के विद्यार्थियों और विद्यालय परिवार की सराहना की। प्रधानाध्यापक साजिद हुसैन ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर स्वागत किया। 

छात्र अंश, अमन विश्वकर्मा, अमन सोनकर, नाजिया ने देश रंगीला और ऐ मेरे वतन के लोगों गीत प्रस्तुत कर सब का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों की गडगडाहट से बच्चों का हौंसला बढ़ाया ।रिजवाना, नाजमा, संजू, अर्चना ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और स्वच्छता व स्वास्थ्य पर लघु नाटिका प्रस्तुत किया ।संचालन इरफान मोईन वअफसर हसन ने किया ।शिक्षक केएन मिश्र आये हुए अतिथियों का आभार व्यक्त किया। शिक्षक गिरजेश दत्त त्रिपाठी, सुनीता मिश्रा, अनवर जहां, अनीता गुप्ता, रेहाना, एसआरजी कमलेश पाण्डेय, रिचा सिंह, लवकुश शुक्ल, नरेन्द्र गुप्ता, मोहम्मद शरीफ, संजय सिंह, ममता चौधरी, सिद्धार्थ, शिव मूर्ति, मनोज गौतम, मोहम्मद सईद, हरीश चन्द्र, अनिल कुमार, सहनाज बेगम रहीं ।









Monday, March 30, 2026

अपना इतिहास कभी न भूलें शिक्षक संगठन :राधे रमन त्रिपाठी

गोण्डा ।  टीचर फेडरेशन आप इण्डिया के बैनर तले आगामी 4 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने जारहे विशाल धरना प्रदर्शन की तैयारियों की समीक्षा करने टीएफआई के वरिष्ठ राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधे रमण त्रिपाठी गोण्डा पहुंचे ।गांधी पार्क के टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम में उनका संगठन की ओर से स्वागत किया गया। उन्होंने स्वरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि शिक्षक संगठनों को अपना इतिहास नहीं भूलना चाहिए ।वरिष्ट उपाध्यक्ष श्री त्रिपाठी ने देश की आजादी के पहले व 1947 के बाद संगठन के संघर्ष को शिक्षकों को याद दिलाया। उन्होंने कहा कि एकता में ही शक्ति होती है।अपने अधिकार के प्रति सजगता, उत्सुकता व बेहतर रणनीति से ही सफलता मिलती है। मण्डलीय उपाध्यक्ष आनन्द त्रिपाठी ने कहा कि अध्यापकों टीईटी की परीक्षा से मुक्ति मिलनी ही चाहिए। जिला मन्त्री विजय नारायण पाण्डेय, उपाध्यक्ष इन्द्र प्रताप सिंह व मीडिया प्रभारी वीरेंद्र त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। संचालन डा विष्णु शंकर तिवारी ने किया। वरिष्ट उपाध्यक्ष राजेन्द्र प्रकाश तिवारी, अमित सिंह,  भगवत प्रसाद, शिव कुमार प्रधान, राजमंगल पाण्डेय, लवकुश शुक्ल, नागेंद्र पाण्डेय, राम विलास वर्मा, कौशल ओझा, मोहम्मद खालिद, राकेश यादव, मनोज मिश्र, शुभम सोनकर, रजनीश श्रीवास्तव, कदीर अहमद, अरशद, सुनील शुक्ल, राजन तिवारी रहे।




Friday, March 27, 2026

दिवंगत के परिवार को पार्टी ने दी आर्थिक मदद

गोंडा  : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जिले का प्रतिनिधि मंडल दिवंगत के घर पहुंच कर सांत्वना दिया।गोण्डा सदर विधानसभा के धनौली बभनी कानूनगो के आकाश साहू व दिव्यांश साहू की दुर्घटना में मौत हो गई थी। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व विधान सभा प्रत्याशी सूरज सिंह, जिला अध्यक्ष अरशद हुसैन, संजय विद्यार्थी, विजय कुमार सिंह, संजय साहू, लाल चन्द्र गौतम, अखिलेश विश्वकर्मा, मतीन सिद्दीकी, जेपी श्रीवास्तव, विनोद श्रीवास्तव, अंजनी साहू, अरविंद गुप्ता, अशोक कुमार गुप्ता, सुशील गौतम रहे।

Thursday, March 26, 2026

यूनिटी कॉलेज में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का भव्य आयोजन

 


लखनऊ यूनिटी कॉलेज में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक वर्गों के लिए आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ। यह अवसर सत्र 2025–26 के दौरान विद्यार्थियों द्वारा प्रदर्शित समर्पण, दृढ़ता और उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव था। पुरस्कार वितरण के साथ-साथ यह समारोह संस्थान के अनुशासन, प्रतिबद्धता तथा ज्ञान की निरंतर खोज जैसे मूल्यों को भी प्रतिबिंबित करता है।

इस गरिमामय अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश माननीय न्यायमूर्ति श्री आफताब रिज़वी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रबंधक (द्वितीय पाली) डॉ. कल्बे सिब्तैन नूरी, प्रधानाचार्य श्री दीपक मर्विन मैथ्यूज़ तथा उप-प्रधानाचार्य श्री सचिन्द्र भारती सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई तथा विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अत्यंत शांत एवं आध्यात्मिक वातावरण में हुआ, जिसमें मोहम्मद अनस (कक्षा X-B), कुलसूम फातिमा (कक्षा XI-C) एवं मोहम्मद आमिर (कक्षा XI-C) द्वारा क्रमशः पवित्र कुरआन, श्रीमद्भगवद्गीता और बाइबिल के पाठ प्रस्तुत किए गए। यह प्रस्तुति ‘विविधता में एकता’ के प्रति कॉलेज की प्रतिबद्धता का सुंदर प्रतीक थी। तत्पश्चात प्रधानाचार्य श्री मैथ्यूज़ ने सभी उपस्थित अतिथियों का हार्दिक स्वागत करते हुए कार्यक्रम की गरिमामयी प्रारंभ किया ।

कक्षा VI से XI तक के विद्यार्थियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया, जिनमें स्टूडेंट ऑफ द ईयर, पोज़ीशन होल्डर्स, बेस्ट मॉनिटर, बेस्ट स्पोर्ट्सपर्सन (जूनियर एवं सीनियर), ऑल-राउंडर, अंग्रेज़ी एवं हिंदी में श्रेष्ठ लेखन कौशल, बेस्ट ग्रूम्ड तथा 100% उपस्थिति शामिल थे।

समारोह में सांस्कृतिक एवं भावनात्मक रंग भरते हुए कॉलेज तराना ‘यूनिटी कॉलेज से वाबस्ता हमारी शान है’ अत्यंत उत्साह के साथ प्रस्तुत किया गया, जिसने सभी उपस्थित जनों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का संचालन सुश्री फातिमा नसीम ने अत्यंत प्रभावशाली एवं आत्मविश्वासपूर्ण ढंग से किया, जिससे कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से संपन्न हुआ।

मुख्य अतिथि महोदय ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर लक्ष्य प्राप्ति के मार्ग पर अग्रसर रहने के लिए प्रेरित किया तथा विद्यालय की अनुसान व्यवस्था की सराहना की ।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मैथ्यूज़ ने ‘जनाब’ के उस दूरदर्शी दृष्टिकोण का उल्लेख किया, जिसके अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना संस्थान का प्रमुख उद्देश्य रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को ईश्वर पर विश्वास रखते हुए अपने लक्ष्यों के प्रति दृढ़ रहने का संदेश दिया और कहा कि सच्ची आस्था एवं परिश्रम सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।

Monday, March 23, 2026

KEI इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड बना आईपीएल सीज़न 19 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रिंसिपल पार्टनर

लखनऊ,: KEI Industries Limited, जो भारत की अग्रणी वायर और केबल निर्माण कंपनियों में से एक है, ने Lucknow Super Giants (LSG) के साथ Indian Premier League Season 19 के लिए प्रिंसिपल पार्टनर के रूप में एक रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है। यह टूर्नामेंट 28 मार्च 2026 से शुरू हो रहा है। इस सहयोग का उद्देश्य देश के सबसे लोकप्रिय खेल मंचों में से एक के माध्यम से KEI की ब्रांड पहचान और व्यवसायिक पहुंच को मजबूत करना है।

इस साझेदारी के तहत KEI का लोगो LSG की आधिकारिक मैच जर्सी के फ्रंट राइट चेस्ट पर प्रमुखता से दिखाई देगा, जिससे पूरे टूर्नामेंट के दौरान मैदान पर ब्रांड की मजबूत दृश्यता सुनिश्चित होगी। यह सहयोग विभिन्न ऑन-ग्राउंड एक्टिवेशन और फ्रेंचाइज़ी-आधारित गतिविधियों तक भी विस्तारित होगा, जिन्हें प्रिंट, आउटडोर, टेलीविजन, डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर एकीकृत संचार अभियान के माध्यम से समर्थन दिया जाएगा।

क्रिकेट के जमीनी स्तर के विकास के प्रति अपनी दीर्घकालिक प्रतिबद्धता के अनुरूप, KEI युवा और वंचित प्रतिभाओं को विशेष पहलों के माध्यम से समर्थन देगा। इन पहलों को प्रमुख खिलाड़ियों जैसे Rishabh Pant, Mayank Yadav और Arjun Tendulkar सहित LSG टीम के अन्य सदस्यों की उपस्थिति में प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा, KEI इस सीज़न के दौरान अपनी नई प्रोडक्ट पैकेजिंग भी लॉन्च करेगा, जो उसके ब्रांड विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

इस अवसर पर चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर अनिल गुप्ता ने क्रिकेट को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने और उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के प्रति KEI की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर (सेल्स एंड मार्केटिंग) मनोज कक्कड़ ने क्रिकेट को कंपनी की सार्वजनिक सहभागिता रणनीति का महत्वपूर्ण स्तंभ बताया, जबकि एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अक्षत दिविज गुप्ता ने युवा खिलाड़ियों के लिए अवसर सृजित करने की KEI की सोच को दोहराया।

RPSG स्पोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ विनय चोपड़ा ने इस साझेदारी का स्वागत करते हुए कहा कि KEI की मजबूत ब्रांड प्रतिष्ठा और स्थिरता-केंद्रित दृष्टिकोण LSG के विजन और फैन एंगेजमेंट लक्ष्यों के साथ पूरी तरह मेल खाता है।

1968 में स्थापित KEI इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड 60 से अधिक देशों में कार्यरत है और रिटेल, संस्थागत और निर्यात क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति के साथ व्यापक वायर और केबल समाधान प्रदान करती है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नवाब मसूद अब्दुल्लाह के शीश महल स्थित आवास पर पहुंचकर ईद की बधाई दी।

लखनऊ :  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ईद के खास मौके पर शहर के गणमान्य लोगों से मुलाकात की। इसी क्रम में वे शीश महल स्थित नवाब मसूद अब्दुल्लाह के आवास पर पहुंचे और उन्हें व उनके परिजनों को ईद की दिली मुबारकबाद पेश की।

गर्मजोशी से हुआ स्वागत

पूर्व मुख्यमंत्री के शीश महल पहुंचने पर नवाब मसूद अब्दुल्लाह और उनके परिवार के सदस्यों ने उनका बेहद गर्मजोशी के साथ इस्तकबाल किया। इस दौरान पारंपरिक रूप से सेवइयां और अन्य लजीज पकवानों के साथ उनका मुंह मीठा कराया गया। दोनों के बीच काफी देर तक खुशनुमा माहौल में बातचीत हुई और पुरानी यादें साझा की गईं।

गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल

इस अवसर पर अखिलेश यादव ने आपसी भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का संदेश देते हुए कहा कि ईद का यह मुकद्दस त्योहार हमें मिलजुल कर रहने, गिले-शिकवे मिटाने और समाज में खुशियां बांटने की तालीम देता है। उन्होंने देश और प्रदेश वासियों के लिए अमन-चैन और तरक्की की दुआ भी की।

समर्थकों और स्थानीय लोगों में दिखा उत्साह शीश महल इलाके में पूर्व सीएम की आमद की खबर सुनकर वहां स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं की अच्छी-खासी भीड़ जमा हो गई। अखिलेश यादव ने निराश न करते हुए बाहर मौजूद अवाम से भी मुलाकात की और सभी को ईद की बधाइयां दीं। इस मौके पर सपा के कई स्थानीय नेता और पदाधिकारी भी उनके साथ मौजूद रहे।

Tuesday, March 10, 2026

अमायरा हॉस्पिटल ऐंड मेटरनिटी सेंटर में रोज़ा इफ्तार का आयोजन

 


लखनऊ अब्दुल अज़ीज़ रोड पर रमज़ान के महीने मे अमायरा हॉस्पिटल ऐंड मेटरनिटी सेंटर में रोज़ा इफ्तार का आयोजन किया गया जिसमें डॉ आयशा शमीम ,डॉ मेराज रसूल वा अन्य रोजेदारों ने रोज़ा खोला ! 



Visit us : www.nextmedia.co.in

Youtube.com@nextmedianews

Email. nextmedianews@gmail.com 

Whtsapp. 9450343087

Monday, March 9, 2026

अकीदत के साथ निकला गिलीम के ताबूत का जुलूस ,हैदर मौला-या अली मौला की गूंजीं सदाएं

लखनऊ / अमीर-उल-मोमेनीन हजरत अली (अ.स.) को जरबत (तलवार) मारे जाने की याद में सोमवार को तड़के बड़ी अकीदत के साथ गिलीम में ताबूत का जुलूस निकाला गया। जिसमें में हजारों पुरूषों के अलवा पर्दानशीन महिलाओं व बच्चों ने काले लिबास पहने शिरकत की। मस्जिदे कूफा काजमैन से निकाला गया यह ताबूत इमामबाड़ा हकीम सैयद मोहम्मद तकी ले जाया गया। जुलूस को निकलवाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किया गये थे। जुलूस से पूर्व सुबह 5.07 बजे मस्जिद में कारी ताहिर जाफरी ने फज्र की अजान दी। अजान होते ही मस्जिद परिसर नमाजियों से खचा-खच भर गया। मौलाना जहीर अहमद ने नमाजे जमाअत पढ़ायी। इसके बाद मौलाना मुत्तकी जैदी ने मजलिस को खिताब किया। उन्होंने जब 19वीं रमजान को हजरत अली (अ.स.) पर सुबह की नमाज के दौरान अब्दुर्रहमान इब्ने मुल्जिम ने जहर से बुझी तलवार से वार करने का मंजर बयान किया तो अजादार रोने लगे। मजलिस के बाद जैसे ही कंबल में लिपटा ताबूत बाहर आया तो अजादार ताबूत का बोसा लेने लगे। अब यह ताबूत अपनी मंजिल के लिए बढ़ने लगा। जुलूस के आगे 'जुलूसे शबीह ताबूत" का काला बैनर चल रहा था और मर्सियाख्वानी हो रही थी। मर्सियाख्वानी और आंसुओं के साथ यह जुलूस मंसूर नगर, गिरधारी सिंह इंटर कालेज, संजीवनी अस्पताल बिल्लौचपुरा होते हुए नक्खास होते हुए पाटानाला के पास पहुंचा। जहां पुरुषों ने ताबूत महिलाओं को सौंप दिया जिसे वह इमामबाड़ा हकीम सैयद मोहम्मद तकी में ले गयी। जुलूस के साथ हजरत अब्बास (अ.स.) के अलम भी थे। रास्ते के दोनों ओर ताबूत की जियारत करने वालों का हुजूम था। ताबूत देख हर आंख से आंसू जारी हो जाते थे। इसके बाद अलविदायी मजलिस हुई। जिसे मौलाना मीसम जैदी ने खिताब किया। मजलिस खत्म होते ही सीनाजनी के साथ  हैदर मौला-या अली मौला की आवाजे गूंजने लगी।



इमामबाड़ा अबुतालिब में ताबूत की जियारत आज


इमामबाड़ा अख्तर हुसैन हसन पुरिया में मंगलवार को रात 9  बजे मजलिस होगी। मजलिस के बाद ताबूत की जियारत होगी। अंजुमन गुंचाए मजलूमियां की ओर से इस साल भी इमामबाड़ा अबुतालिब हसन पुरिया में मंगलवार मजलिस होगी। अंजमुन के सचिव इमरान अखतर ने बताया कि मजलिस को मौलाना अब्बास इरशाद रात 11 बजे खिताब करेंगे। मजलिस के बाद ताबूत की जियारत होगी व अंजुमन नौहाख्वानी करेंगी।


...आलमे शबे जरबत ऐ मोमिनों आयी है

-पुराने शहर में गूंजी हैदर मौला-या अली मौला की सदायें

-इमाम के गम में पहने काले लिबास


लखनऊ । हजरत इमाम अली (अ.स.) की शहादत के गम में शहर में 'हैदर मौला-या अली मौला की सदाएं गूंजती रहीं। इमाम का गम मनाने के लिए शियों ने काले लिबास पहन लिए। जगह-जगह मजलिसों व मातम का आयोजन करके उनकी शहादत का गम मनाया जा रहा है। जहां आज सुबह से ही पुरूषों व बच्चे ने विभिन्न कर्बलाओं व इमामबाड़ों में होने वाली मजलिसों में शिरकत की,वहीं महिलाओं ने घरों में नौहाख्वानी की। हर एक घर में यह नौहा पढ़ा गया। 'आलमे शबे जरबत ऐ मोमिनों आयी है, तारीक सी दुनिया पर हर सिम्त को छायी है,19वीं रमजान को शब भर मेरे मौला ने तकिये पर सर न रखा और नींद न आयी है। अजाखाने अख्तर हुसैन हसनपुरिया में महिलाओं की मजलिस को जाकिरा फिज्जा फातिमा ने खिताब किया। इसके बाद ताबूत की जियारत करायी गयी। ताबूत की आयोजक शीबा जैदी ने ताबूत में आयी सभी का शुक्रिया अदा किया। आज सुबह नजफ में हजरत अली (अ.स.) का ताबूत सजा दिया गया। जिसे हसन मिर्जा के ताबूत के नाम से जाना जाता है। आज यहां मौलाना अम्मार काजिम जरवली व मीसम जैदी ने मजलिस को खिताब किया। सुबह से देर रात तक पुरूषों ने ताबूत की जियारत की और अंजुमन गुंचाए मजलूमिया, काजमिया आबिदया, रौनके दीने इस्लाम और फिरदौसिया आदि ने नौहाख्वानी व मातम किया। इमामबाड़ा लाडो खानम नक्खास व काजमैन में मौलाना मीसम जैदी, हसन पुरिया स्थित अजाखाना जफर रजा और अजाखाना कमर हुसैन में मौलाना सैफ अब्बास ने मजलिस को खिताब करते हुए हजरत अली को नमाज़ पढ़ने के दौरान मारी गई तलवार का मंजर बयान किया तो अजादार रोने लगे। इमामबाड़ा नाजिम साहब में मौलाना यासूब अब्बास,कर्बला अजमतुतदौला और मस्जिदे कूफा काज़मैन में मौलाना अब्बास इरशाद नकवी ने मजलिस को खिताब किया। 


कल सुबह निकलेगा 21वीं रमजान का जुलूस  


लखनऊ। हजरत अली (अ.स.) की शहादत की याद में बुधवार को सुबह 3 बजे रौजाए शबीह नजफ़ रुस्तम नगर में 21वीं रमजान के जुलूस की अलविदायी मजलिस को मौलाना यासूब अब्बास खिताब करेंगे। मजलिस के बाद महिलाएं ताबूत को रौजे से उठाकर पुरूषों को सौंप देंगी। जुलूस यहां से निकल कर छोटे साहब आलम रोड, कर्बला दियानुतदौला, काजमैन, मंसूर नगर तिराहा, गिरधारी सिंह इंटर कालेज, संजीवनी अस्पताल से दाहिने मुड़कर हैदरगंज, बुलाकी अड्डा होते हुए कर्बला तालकटोरा पहुंचेगा जहां ताबूत को दफ्न किया जायेगा। अजादार दिन भर कर्बला पहुंच कर हजरत अली (अ.स.) की तुरबत पर फातेहा पढ़ेंगे।

Sunday, March 8, 2026

बाबूपुरवा की गलियों से बुर्ज ख़लीफ़ा तक: डॉ. शाज़िया तसनीम सिद्दीकी की प्रेरणादायक उड़ान



महिला दिवस के उपलक्ष्य मे नेक्स्ट मीडिया की खास पेशकश आइए आपको मिलवाते है भारत की एक जांबाज बुलंद हौसलों वाली देश की बेटी से ....

कानपुर: कानपुर के बाबूपुरवा की रहने वाली संघर्षशील डॉ. शाज़िया तसनीम सिद्दीकी आज नारी सशक्तिकरण की एक मजबूत पहचान बन चुकी हैं। अपने अदम्य हौसले, अथक मेहनत और मजबूत इरादों के दम पर उन्होंने वह मुकाम हासिल किया है, जो आज की युवा पीढ़ी—खासतौर पर बेटियों—के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। साधारण परिवार से निकलकर उन्होंने अपनी पहचान दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज ख़लीफ़ा तक पहुंचा दी।
डॉ. शाज़िया का सफर बिल्कुल आसान नहीं था। उनके पिता मो. वसीम सिद्दीकी बाबूपुरवा में एक छोटा सा होटल चलाते थे। परिवार में तीन बहनें और दो भाई होने के कारण आर्थिक स्थिति कमजोर थी, जिसके चलते उनकी पढ़ाई बीच में ही रुक गई।
लेकिन मुश्किल हालात भी उनके हौसले को झुका नहीं सके। उन्होंने दोबारा हिम्मत जुटाई और मदरसा तथा हलीम कॉलेज में दाखिला लेकर अपनी पढ़ाई फिर से शुरू की। संसाधनों की कमी और सामाजिक विरोध जैसी कई बाधाएँ सामने आईं, मगर उन्होंने कभी हार नहीं मानी।
साल 2013 में सरकार से मिला एक लैपटॉप उनकी जिंदगी का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ उसी के सहारे उन्होंने अपनी एक प्लेसमेंट एजेंसी बनाई ओर अपने सुनहरे करियर की शुरुआत की और धीरे-धीरे अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़ती चली गईं।
कठिनाइयों के बीच भी उन्होंने अपने सपनों को जिंदा रखा। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में मिले एक उपहार स्वरूप मोबाइल खराब हो जाने के बावजूद भी ओर हालात सही होने तक काफी समय तक उसी मोबाईल को साथ रखा लेकिन डॉ० शाजिया ने कभी हिम्मत नहीं हारी। पिता के हौसले और अपनी मजबूत इच्छाशक्ति के सहारे उन्होंने हर चुनौती को पार किया।
बाद में दुबई से मिले अवसर ने उनके सपनों को नई उड़ान दी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर काम करना शुरू किया और आज उनका दफ्तर बुर्ज ख़लीफ़ा में स्थापित है। उनका ग्रुप संयुक्त राष्ट्र से जुड़े मंचों और अन्य संस्थाओं के साथ मिलकर वैश्विक शांति और सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।
इतना ही नहीं, उनके नाम से जालना (महाराष्ट्र) में एक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है।
डॉ. शाज़िया तसनीम सिद्दीकी की कहानी यह साबित करती है कि यदि इरादे मजबूत हों, तो बाबूपुरवा की गलियों से निकलकर भी बुर्ज ख़लीफ़ा तक पहुंचा जा सकता है।
यह सिर्फ एक महिला की सफलता की कहानी नहीं, बल्कि नारी शक्ति, हौसले और आत्मविश्वास की जीती-जागती मिसाल है।
जब हौसले हों बुलंद, तो मंज़िल कभी दूर नहीं होती
कभी लक्ष्मीबाई,
कभी बेगम हजरत महल,
कभी कल्पना चावला,
और आज डॉ. शाज़िया—
हर रूप में नारी ही शक्ति की पहचान है।।
नारी शक्ति को सलाम!!

(रिपोर्ट: सुहेल वारसी)

Visit us : 

Thursday, March 5, 2026

राष्ट्रीय आय एंव योग्यता परीक्षा में झंझरी का दबदबा

गोंडा : राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में झंझरी के बच्चों ने परचम लहराया। इस परीक्षा में छात्रों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया और छात्रवृत्ति हांसिल करने में कामयाब भी रहे। कम्पोजिट विद्यालय जमदरा के अमन कुमार 64वीं रैंक व अमन विश्वकर्मा 49वीं रैंक, कम्पोजिट विद्यालय लक्ष्मणपुर जाट के सुनील गौतम ने 7वीं रैंक, राज ने 32 वीं रैंक, शिवम गौतम ने 58 वी रैंक, कम्पोजिट विद्यालय कलंदरपुर तोर की सिमरन पासवान ने 64वीं रैंक कम्पोजिट विद्यालय इमरती विशेन नव्या ने 120 वीं रैंक, करन ने 53वीं रैंक, चंदन ने 67वीं रैंक, जूनियर हाई स्कूल खैराबाग की सुधा ने 56वीं रैंक व कम्पोजिट विद्यालय रुद्रपुर विशेन की निधि ने इस परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। राष्ट्रीय आय एंव योग्यता आधारित यह परीक्षा सरकारी या सहायता प्राप्त विद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होती है। कक्षा आठ में पढ़ने वाले कम आय वाले परिवार के बच्चे इस प्रतियोगिता में भाग लेते हैं। परीक्षा में उत्तीर्ण के बाद कक्षा नौ से बारह तक की पढ़ाई के लिए सरकार 12000 रुपये वार्षिक सहायता देती है। जिससे गरीब परिवार के बच्चों की पढ़ाई पैंसे के कारण प्रभावित न होसके। एडी बेसिक राम सागरपति त्रिपाठी, बीएसए अमित कुमार सिंह, बीईओ उपेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बच्चों, उनके अभिभावकों व सम्बंधित विद्यालय के अध्यापकों को बधाई दी है।

सिमरन गौतम 64वीं रैंक कम्पोजिट विद्यालय कलंदरपुर तोर
_________________________________________

अमन विश्वकर्मा 49वीं रैंक कम्पोजिट विद्यालय जमदरा
__________________________________________

अमन कुमार 64वीं रैंक कम्पोजिट विद्यालय जमदरा











बेटी की शादी से पहले उठ गया पिता का साया: बिजली के खंभे पर बुझ गई महेंद्र उर्फ गुड्डू की जिंदगी

बालामऊ/हरदोई उ०प्र० का माहौल उस वक्त गमगीन हो गया, जब एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जिस आंगन में कुछ दिन पहले ...